ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने औद्योगिक विकास को बढ़ावा देते हुए मंगलवार को 8 कंपनियों को लेटर ऑफ इंटेंट (LOI) सौंपे। इन परियोजनाओं में कुल ₹3,181.20 करोड़ का निवेश होगा, जिससे क्षेत्र में 18,126 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्राधिकरण कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान YEIDA के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) राकेश कुमार सिंह ने निवेशकों को LOI प्रदान किए। उन्होंने कहा कि यीडा निवेशकों को पारदर्शी, त्वरित और उद्योग-अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। सबसे बड़ा निवेश समवर्धना मदरसन इंटरनेशनल लिमिटेड करेगा। कंपनी को सेक्टर-8D में 50 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जहां ₹1,156 करोड़ के निवेश से ऑटोमोटिव कंपोनेंट्स निर्माण इकाई स्थापित की जाएगी। इस परियोजना से लगभग 8,000 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इसके अलावा बलार मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड 8 एकड़ भूमि पर ₹300 करोड़ का निवेश कर स्मार्ट इलेक्ट्रिकल मैन्युफैक्चरिंग एवं रिसर्च यूनिट स्थापित करेगी, जिससे 1,500 रोजगार सृजित होंगे। त्रिवेणी अलमीरा प्राइवेट लिमिटेड 10 एकड़ भूमि पर ₹375 करोड़ के निवेश से स्टील अलमारी और फर्नीचर निर्माण इकाई लगाएगी, जिससे 458 लोगों को रोजगार मिलेगा। आनंदिता हेल्थकेयर 8 एकड़ भूमि पर ₹500 करोड़ का निवेश कर मेडिकल एवं हेल्थकेयर ग्लव्स निर्माण इकाई स्थापित करेगी। इससे करीब 750 लोगों को रोजगार मिलेगा। अन्य निवेशकों में क्रिस्पी सिटी फूड प्राइवेट लिमिटेड (₹122 करोड़, 4,000 रोजगार), एजी आर्गेनिका प्राइवेट लिमिटेड (₹259.90 करोड़, 1,118 रोजगार), इनोवेक्स प्रोडक्ट (₹140 करोड़, 2,000 रोजगार) और अपार इंफ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड (₹29.30 करोड़, 300 रोजगार) शामिल हैं। CEO राकेश कुमार सिंह ने कहा कि इन निवेश परियोजनाओं से यमुना प्राधिकरण क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के बड़े अवसर उपलब्ध होंगे। साथ ही यह क्षेत्र उत्तर प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक हब के रूप में और मजबूत होगा।