पुलिस के मुताबिक बच्ची को चार दिनों तक बंधक बनाकर अलग-अलग जगह रखा गया और देह व्यापार करवाया गया. श्रीगंगानगर ज़िले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरिशंकर ने बीबीसी को फ़ोन पर बताया है, "इस मामले की जांच लगभग अंतिम स्तर पर है. हमने 18 लोगों को गिरफ्तार किया है." उन्होंने ये भी बताया कि अभी सीसीटीवी फ़ुटेज चेक किए जा रहे हैं और इसके बाद तीन से चार गिरफ़्तारियां और होंगी. क्या है पूरा मामला जांच अधिकारी कैलाश दान बताते हैं कि इस लड़की का इंस्टाग्राम पर एक फ्रेंड था, जिससे मिलने के लिए वह श्रीगंगानगर से सौ किलोमीटर दूर विजयनगर गई थी. वहां उसके सोशल मीडिया फ्रेंड ने उसके साथ रेप किया. जानकारी के मुताबिक़ उसके बाद ये बच्ची विजयनगर से बस से रात में गंगानगर पहुंची और रिक्शा किया. बच्ची के घर ना पहुंचने पर उसकी मां ने कई जगह उसकी तलाश की और रिश्तेदारी में पूछताछ की. लेकिन जब 22 जून तक भी बच्ची घर नहीं पहुंची तो माँ पुलिस थाने पहुंची.