मध्य प्रदेश
सागर में जान जोखिम में डालकर स्कूल जा रहे बच्चे, जर्जर पुलिया पार करने को मजबूर ग्रामीण
सागर जिले के रहली विकासखंड के बेरखेड़ी कलां गांव में छात्र-छात्राएं उफनती कोपरा नदी की जर्जर पुलिया पार करके स्कूल जाने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की है।
मध्य प्रदेश के सागर जिले के रहली विकासखंड स्थित बेरखेड़ी कलां गांव में स्कूली छात्र-छात्राओं को हर दिन अपनी जान जोखिम में डालकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। यहां कोपरा नदी पर बनी जर्जर पुलिया बारिश के दौरान पूरी तरह पानी में डूब जाती है, लेकिन इसके बावजूद बच्चे उसी रास्ते से स्कूल जाने के लिए मजबूर हैं।
इस घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि छात्र-छात्राएं ग्रामीणों की मदद से एक-एक करके पुलिया पार कर रहे हैं। तेज बहाव के बीच जरा-सी चूक किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, बेरखेड़ी कलां और चेनपुरा गांव के बच्चों के लिए यही मुख्य मार्ग है। बारिश के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ने से पुलिया के ऊपर से पानी बहने लगता है, जिससे खतरा और बढ़ जाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव तक पहुंचने के लिए लगभग तीन किलोमीटर लंबा दूसरा रास्ता भी मौजूद है, लेकिन अधिक दूरी होने के कारण लोग मजबूरी में इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से नई पुलिया बनाने या मौजूदा पुलिया की मरम्मत कराने की मांग की, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
मामले के सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच का आश्वासन दिया है। जनपद पंचायत रहली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) रवि पाटीदार ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को मौके का निरीक्षण करने के निर्देश दे दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि इंजीनियरों की रिपोर्ट मिलने के बाद आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसी बड़े हादसे से पहले पुलिया की मरम्मत कराई जाए, ताकि बच्चों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।