दिवंगत अभिनेता प्रदीप रावत के निधन के बाद फिल्म जगत और उनके प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अपने लंबे करियर में उन्होंने कई ऐसे किरदार निभाए, जो आज भी दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं। चाहे पौराणिक धारावाहिकों की बात हो या फिर बड़े पर्दे पर निभाए गए दमदार नकारात्मक किरदारों की, प्रदीप रावत ने हर भूमिका में अपनी अलग पहचान बनाई। 'महाभारत' के अश्वत्थामा से मिली पहचान बीआर चोपड़ा के लोकप्रिय धारावाहिक 'महाभारत' में प्रदीप रावत ने अश्वत्थामा की भूमिका निभाई थी। यह किरदार उनके करियर के शुरुआती दौर में काफी चर्चित हुआ और दर्शकों ने उनके अभिनय को खूब पसंद किया। 'सरफरोश' में निभाया सुल्तान का किरदार साल 1999 में रिलीज हुई फिल्म 'सरफरोश' में प्रदीप रावत ने सुल्तान नामक अपराधी की भूमिका निभाई थी। फिल्म में आमिर खान मुख्य भूमिका में थे और प्रदीप रावत के अभिनय की भी काफी सराहना हुई थी। 'लगान' में दिखा अलग अंदाज वर्ष 2001 में आई सुपरहिट फिल्म 'लगान' में उन्होंने देवा सिंह सोढ़ी का किरदार निभाया था। यह किरदार उनके अन्य नकारात्मक किरदारों से बिल्कुल अलग था और इसे भी दर्शकों ने खूब पसंद किया। 'साई' में 'भिक्षु यादव' बनकर जीता राष्ट्रीय पुरस्कार साल 2004 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'साई' में प्रदीप रावत ने भिक्षु यादव की भूमिका निभाई थी। एस.एस. राजामौली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में उनके दमदार अभिनय के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार मिला था। इसके अलावा उन्हें फिल्मफेयर और संतोषम पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था। 'गजनी' के विलेन के रूप में मिली सबसे बड़ी पहचान प्रदीप रावत के सबसे चर्चित किरदारों में 'गजनी धर्मात्मा' का नाम सबसे ऊपर आता है। पहले उन्होंने तमिल फिल्म 'गजनी' में यह भूमिका निभाई और बाद में इसके हिंदी रीमेक में भी अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया। आमिर खान अभिनीत यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफल रही और हिंदी सिनेमा की पहली 100 करोड़ रुपये की कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई। आज भी 'गजनी' में निभाए गए उनके किरदार को दर्शक याद करते हैं।