क्रिकेट
ODI World Cup 2027: विश्व कप जीतकर संन्यास लेना चाहते हैं डेविड मिलर, बोले- ट्रॉफी के साथ करियर खत्म करना चाहूंगा
दक्षिण अफ्रीका के बल्लेबाज डेविड मिलर 2027 वनडे विश्व कप जीतकर अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का अंत करना चाहते हैं। उन्होंने घरेलू दर्शकों के सामने ट्रॉफी जीतने की इच्छा जताई।
दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर की नजरें 2027 वनडे विश्व कप पर हैं। मिलर घरेलू परिस्थितियों में विश्व कप ट्रॉफी जीतकर अपने लंबे अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट करियर का शानदार अंत करना चाहते हैं।
2027 वनडे विश्व कप का आयोजन 4 अक्तूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया में किया जाएगा। दक्षिण अफ्रीका ने अब तक वनडे विश्व कप का खिताब नहीं जीता है। 2023 में टीम सेमीफाइनल तक पहुंची थी, जहां उसे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार मिली थी।
विश्व कप जीतकर करियर खत्म करने की इच्छा
डेविड मिलर ने 'जियोस्टार' से बातचीत में कहा कि 2027 विश्व कप की टीम में जगह बनाना उनके बड़े लक्ष्यों में से एक है। उन्होंने कहा कि वह अपने करियर के अंतिम पड़ाव पर विश्व कप ट्रॉफी के साथ विदाई लेना पसंद करेंगे।
मिलर ने यह भी माना कि विश्व कप टीम में जगह बनाना तय नहीं है, इसलिए वह फिलहाल अपने प्रदर्शन को बेहतर करने पर ध्यान दे रहे हैं। घरेलू मैदान पर अपने प्रशंसकों के सामने खेलने को उन्होंने इस टूर्नामेंट को खास बनाने वाला बताया।
मिडिल ऑर्डर में मैच फिनिश करने पर गर्व
मिलर ने अपने करियर की खास उपलब्धियों में दबाव के दौरान मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए मैच खत्म करने की क्षमता को शामिल किया। उन्होंने कहा कि इस भूमिका में महारत हासिल करने में काफी समय लगता है और वह आज भी लगातार सीख रहे हैं।
द हंड्रेड 2026 में सदर्न ब्रेव के लिए मिलर ने आठ मैचों में 166 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते समय दबाव में बल्लेबाजी करना उन्हें विशेष रूप से पसंद है।
गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल खिताब सबसे यादगार
आईपीएल में एक दशक से अधिक समय बिताने वाले डेविड मिलर ने 2022 में गुजरात टाइटंस के साथ आईपीएल खिताब जीतने को अपने सबसे यादगार पलों में बताया। उनके अनुसार टीम को चैंपियन बनाने का अनुभव उनके करियर के सबसे खास पलों में शामिल है।
करियर की दो पारियां हमेशा रहेंगी याद
मिलर ने आरसीबी के खिलाफ आईपीएल में बनाए गए 101 रन के शतक और डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली गई शतकीय पारी को अपने करियर की सबसे यादगार पारियों में बताया। दोनों पारियां लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव की स्थिति में आई थीं।
अब मिलर की नजर 2027 वनडे विश्व कप पर है। अगर दक्षिण अफ्रीका घरेलू परिस्थितियों में पहली बार वनडे विश्व कप जीतने में सफल रहता है और मिलर टीम का हिस्सा होते हैं, तो यह उनके अंतरराष्ट्रीय करियर की यादगार विदाई हो सकती है।