नोएडा: सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी के 21वें फ्लोर पर भीषण आग, एसी फटने की आशंका; सीएम योगी ने लिया संज्ञान
नोएडा: उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार सुबह एक हाईराइज सोसाइटी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सेक्टर-119 स्थित अरण्य सोसाइटी के एक टॉवर की 21वीं मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें और घना धुआं पूरे इलाके में फैल गया, जिससे सोसाइटी के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने फायर ब्रिगेड और पुलिस को सूचना दी। शुरुआती जानकारी में आग लगने का कारण एसी यूनिट में विस्फोट बताया जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
मौके पर पहुंचीं फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां
सूचना मिलते ही फायर सर्विस की छह गाड़ियां, स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने ऊंची इमारत तक पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के फ्लैटों को खाली कराया गया और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
जनहानि की कोई सूचना नहीं
गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट के अनुसार, अब तक किसी के फंसे होने या किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। धुएं के संपर्क में आने से कुछ लोगों की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। आग पर काबू पाने का प्रयास लगातार जारी है।
एसी फटने की आशंका, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह एसी में विस्फोट मानी जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण का पता फायर विभाग और पुलिस की विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा। अधिकारियों ने कहा कि नुकसान का आकलन भी जांच पूरी होने के बाद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लिया संज्ञान
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने, प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने और यदि कोई घायल हो तो उसका समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही प्रशासन को स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखने को कहा गया है।
फिलहाल दमकल विभाग की टीम आग पर पूरी तरह काबू पाने में जुटी हुई है। घटना के कारणों की जांच जारी है।