जेवर/ग्रेटर नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। बुधवार से इंडिगो एयरलाइन ने 11 नए शहरों के लिए अपनी उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं। नई सेवाओं के शुरू होने के साथ अब नोएडा एयरपोर्ट से देश के कुल 16 शहरों के लिए सीधी हवाई यात्रा की जा सकेगी। इससे पहले एयरपोर्ट से हैदराबाद, बेंगलुरु, अमृतसर, जम्मू और लखनऊ जैसे शहरों के लिए उड़ानें संचालित हो रही थीं। अब नई उड़ानों के जरिए नवी मुंबई, श्रीनगर, जोधपुर, भोपाल, देहरादून, पंतनगर, धर्मशाला, जयपुर, चंडीगढ़ और बरेली सहित कई शहरों से सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है। वहीं किशनगढ़ के लिए उड़ान सेवा गुरुवार से शुरू होगी। नई उड़ानों के शुरू होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। इसके मद्देनज़र यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड और एयरलाइन कंपनियों ने अपने स्टाफ की संख्या भी बढ़ा दी है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया ने बताया कि यात्रियों को बेहतर और आरामदायक यात्रा अनुभव देने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। नई उड़ानों के संचालन के बाद एयरपोर्ट पर प्रतिदिन 48 टेकऑफ और लैंडिंग होने की संभावना है। फिलहाल अकासा एयर नोएडा एयरपोर्ट से नवी मुंबई और बेंगलुरु के लिए अपनी सेवाएं संचालित कर रही है। वहीं एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी एयरपोर्ट से संचालन के लिए समझौता किया है, लेकिन उसकी उड़ान सेवाएं अभी शुरू नहीं हुई हैं। बुधवार को नई उड़ानों के लिए टिकट भी उपलब्ध रहे। विभिन्न शहरों के लिए अनुमानित किराया इस प्रकार रहा— देहरादून: ₹2,888 से जयपुर: ₹3,325 से लखनऊ: ₹3,394 से ₹5,979 चंडीगढ़: ₹4,400 धर्मशाला: ₹5,028 भोपाल: ₹5,297 नई उड़ानों के शुरू होने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, दिल्ली-एनसीआर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लाखों यात्रियों को तेज, सुविधाजनक और बेहतर हवाई कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।