ग्रेटर नोएडा: गौतम बुद्ध नगर के नॉलेज पार्क-3 क्षेत्र में शराब के नशे में धुत तीन युवकों द्वारा एक कार में आग लगाने का मामला सामने आया है। इस घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके अंदर रखा मोबाइल फोन, पर्स तथा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जलकर नष्ट हो गए। पीड़ित ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार, अलीगढ़ के टप्पल निवासी आर्यन चौधरी चार जुलाई को अपने साथी जसवीर उर्फ कालू के साथ नॉलेज पार्क-3 स्थित रौनक रेजीडेंसी पहुंचे थे। आरोप है कि वहां पहले से मौजूद सागर, जसवीर और सतेंद्र ने शराब के नशे में उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब आर्यन और उनके साथी ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर दोनों वहां से जाने लगे, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने पार्किंग में खड़ी उनकी कार में आग लगा दी। आग लगने से कार के अंदर रखा मोबाइल फोन, पर्स, महत्वपूर्ण फाइलें और अन्य जरूरी दस्तावेज भी जलकर राख हो गए। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। नॉलेज पार्क थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई करते हुए सागर और सतेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, तीसरे आरोपी जसवीर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।