गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के कवि नगर थाना क्षेत्र स्थित मधुबन बापू धाम कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। 23 वर्षीय एलएलबी छात्र कुशाग्र चौधरी की हत्या कर शव को कुएं में फेंक दिया गया। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी योगेंद्र उर्फ बालू और उसकी पत्नी पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, कुशाग्र गाजियाबाद के संजय नगर स्थित एक संस्थान में एलएलबी द्वितीय वर्ष का छात्र था। उसके पिता वीरेंद्र सिंह ने बुधवार रात बेटे के घर नहीं लौटने पर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि कुशाग्र मोटरसाइकिल की मरम्मत कराने के लिए घर से निकला था, जिसके बाद वह लापता हो गया। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि कुशाग्र को आखिरी बार हापुड़ रोड टोल के पास एक होटल में योगेंद्र उर्फ बालू, उसकी पत्नी पूजा और एक अन्य व्यक्ति पवन के साथ देखा गया था। पुलिस ने सूचना के आधार पर बालू और उसकी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने कुशाग्र को शराब पार्टी के बहाने अपने घर बुलाया था। पार्टी के दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपनी पत्नी और बहन के सामने ही लोहे की रॉड से कुशाग्र पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने पूरी रात शव को घर में रखा और अगले दिन कमला नेहरू नगर क्षेत्र के एक खेत में स्थित कुएं में फेंक दिया, ताकि सबूत मिटाए जा सकें। पुलिस ने आरोपी योगेंद्र उर्फ बालू और उसकी पत्नी पूजा को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।