दिल्ली-एनसीआर
Delhi Traffic Alert: प्रगति मैदान में भारत व्यापार महोत्सव, चार दिन प्रभावित रहेगा ट्रैफिक; इन रास्तों से बचें Slug:
भारत व्यापार महोत्सव 2026 के चलते 12 से 15 अगस्त तक प्रगति मैदान और भारत मंडपम के आसपास यातायात प्रभावित रहेगा। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को मथुरा रोड और भैरों मार्ग से बचने तथा वैकल्पिक मार्ग के रूप में रिंग रोड इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
भारत मंडपम, प्रगति मैदान में आयोजित होने वाले भारत व्यापार महोत्सव 2026 को लेकर दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने यातायात एडवाइजरी जारी की है। 12 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे के बीच भारत मंडपम और इसके आसपास के इलाकों में ट्रैफिक प्रभावित रहने की संभावना है। महोत्सव में करीब 20 से 25 हजार लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
यातायात पुलिस ने लोगों को पीक आवर्स के दौरान मथुरा रोड और भैरों मार्ग से बचने की सलाह दी है। इन मार्गों पर सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक वाहनों को खड़ा करने या पार्किंग करने की अनुमति नहीं होगी। सड़क पर खड़े पाए जाने वाले वाहनों को टो किया जाएगा और उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्ग के तौर पर रिंग रोड का इस्तेमाल करने की सलाह दी है। साथ ही लोगों से अपनी यात्रा पहले से प्लान करने और पर्याप्त समय लेकर घर से निकलने की अपील की गई है।
आईएसबीटी, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों को भी ट्रैफिक की स्थिति को ध्यान में रखते हुए अपनी यात्रा की योजना बनाने की सलाह दी गई है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से जहां तक संभव हो सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से यातायात से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अपने आधिकारिक चैनलों पर नजर बनाए रखने को कहा है।