राज्य समाचार
झारखंड आंदोलन में उतरेंगे अभिजीत दीपके, छात्रों को दिया समर्थन; CJP ने किया बड़ा ऐलान
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों को समर्थन देने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी जल्द ही राज्य पहुंचकर आंदोलन में शामिल होगी और छात्रों की मांगों के समर्थन में आवाज उठाएगी।
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के समर्थन में बड़ा एलान किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही झारखंड पहुंचेगा और छात्रों के आंदोलन में शामिल होकर उनकी मांगों का समर्थन करेगा।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित CJP की कोर कमेटी की बैठक से पहले मीडिया से बातचीत के दौरान दीपके ने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में 29 जुलाई से धरने पर बैठे अभ्यर्थियों की मांगें पूरी तरह जायज हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी रहेगी।
दीपके ने कहा कि यह आंदोलन केवल शिक्षा या रोजगार का मुद्दा नहीं रह गया है, बल्कि यह लोकतांत्रिक संस्थाओं में जनता के विश्वास को दोबारा स्थापित करने की लड़ाई बन चुका है। उनके मुताबिक, देश में राजनीतिक व्यवस्था, न्यायपालिका, मीडिया और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के प्रति लोगों का भरोसा कमजोर हुआ है।
उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए एक मजबूत 'पब्लिक प्रेशर ग्रुप' की आवश्यकता है और फिलहाल CJP इसी दिशा में काम कर रही है।
इस दौरान पार्टी की ओर से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने, घायलों को कानूनी और चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने तथा आंदोलन की आगे की रणनीति को लेकर भी चर्चा की गई।
राजनीति में आने के सवाल पर दीपके ने कहा कि देश को इस समय किसी नई राजनीतिक पार्टी से ज्यादा एक प्रभावशाली जनदबाव समूह की जरूरत है। उन्होंने कहा कि मौजूदा राजनीतिक व्यवस्था में जनता का विश्वास कमजोर हुआ है और इसे मजबूत करने की दिशा में काम करना जरूरी है।